बैराड़ थाना पुलिस ने नकबजनी के एक मामले का 24 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। चौंकाने वाली बात यह रही कि चोरी में शामिल कोई बाहरी नहीं, बल्कि पीड़ित परिवार का बेटा ही निकला। पुलिस ने करीब 90 हज़ार रुपये मूल्य के सोने-चांदी के आभूषण बरामद कर लिए हैं।

घटना का विवरण:
ग्राम धौरिया निवासी मनोज धाकड़, जो वर्तमान में बरोद रोड बैराड़ में रह रहे हैं, ने 21 अगस्त को अपनी पत्नी रानी धाकड़ के साथ टमाटर की फसल में दवा डालने के लिए गांव जाना बताया। घर पर उनके बेटे रोहित और आकाश धाकड़ थे। 24 अगस्त की सुबह आकाश ने फोन पर सूचना दी कि घर में चोरी हो गई है।

जब दंपत्ति वापस लौटे तो देखा कि कमरे की अलमारी का ताला टूटा हुआ था और उसमें रखे सोने-चांदी के गहने गायब थे। अनुमानित चोरी गए माल की कीमत लगभग ₹90,000 आंकी गई।

पुलिस की त्वरित कार्रवाई:
एसपी अमन सिंह राठौर के निर्देश और एएसपी संजीव मुले व एसडीओपी आनंद राय के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी निरीक्षक रविशंकर कौशल ने त्वरित जांच शुरू की। पुलिस टीम ने संदेह के आधार पर रोहित धाकड़ (18) और एक विधि विरुद्ध बालक को हिरासत में लिया। पूछताछ के बाद दोनों ने चोरी करना कबूल किया, और चोरी गए सभी आभूषण बरामद कर लिए गए।

आरोपी रोहित को न्यायालय में पेश किया गया, जबकि नाबालिग को किशोर न्याय बोर्ड, शिवपुरी के समक्ष प्रस्तुत किया गया।

सराहनीय कार्य:
इस पूरे ऑपरेशन में निरीक्षक रविशंकर कौशल, उपनिरीक्षक सोचरन सिंह सिसोदिया, आरक्षक अतर सिंह रावत, ज्ञान सिंह रावत और राजेंद्र प्रसाद की विशेष भूमिका रही।