इंदौर पुलिस ने रविवार को महू से घर छोड़कर आई एक 12 वर्षीय लड़की को उसके परिवार से मिलाया
Updated on 22 Sep, 2025 06:16 PM IST BY NETWORKINDIANEWS.COM
इंदौर की छोटी ग्वालटोली पुलिस ने एक सराहनीय कार्य करते हुए रविवार को महू से लापता हुई 12 वर्षीय बच्ची को उसके परिवार से मिलाया। यह बच्ची अपने पसंदीदा साउथ कोरियन स्टार्स से मिलने के लिए दक्षिण कोरिया जाने की चाहत में घर छोड़कर इंदौर आ गई थी।बस ड्राइवर की सूझबूझ आई काम
टीआई संजू कामले ने बताया कि उन्हें एक बस ड्राइवर से सूचना मिली कि सरवटे बस स्टैंड के पास एक 12 साल की बच्ची अकेली और तनावग्रस्त हालत में घूम रही है। बच्ची के हाव-भाव से वह किसी अच्छे परिवार की लग रही थी। सूचना मिलते ही तत्काल महिला पुलिसकर्मियों को मौके पर भेजा गया और बच्ची को थाने लाया गया।
दक्षिण कोरिया जाने की थी जिद
पुलिस द्वारा की गई पूछताछ में बच्ची ने बताया कि वह अपने माता-पिता को बिना बताए इंदौर आई है और यहां से दक्षिण कोरिया में नौकरी करने के लिए जाना चाहती है। जब उससे उसके परिवार के बारे में पूछा गया, तो उसने खुद को खरगोन का निवासी बताया। खरगोन पुलिस से संपर्क करने पर ऐसी किसी बच्ची की गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज नहीं पाई गई।
परिवार से हुई अनबन, उठाया बड़ा कदम
लगातार पूछताछ के बाद बच्ची ने आखिरकार सच उगल दिया। उसने बताया कि वह अपने परिवार के साथ एक महीने पहले ही महू शिफ्ट हुई है। वह सोशल मीडिया पर साउथ कोरियन किड्स और यूथ स्टार्स की बहुत बड़ी फैन है और उन्हीं से मिलने के लिए दक्षिण कोरिया जाना चाहती थी। कुछ दिन पहले किसी बात को लेकर उसके परिजनों ने उसे डांट दिया था, जिससे नाराज होकर उसने यह कदम उठाया। उसे लगा कि सरवटे बस स्टैंड से सीधे कोरिया जाने के लिए बस मिल जाएगी।
पुलिस ने परिवार से मिलाया
महू में जानकारी जुटाने पर पता चला कि बच्ची का परिवार बडगोंदा में रहता है। हालांकि, वहां भी परिवार ने गुमशुदगी दर्ज नहीं कराई थी। पुलिस ने सही जानकारी मिलते ही बच्ची को सकुशल उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया। परिवार ने अपनी बच्ची को वापस पाकर पुलिस का आभार व्यक्त किया।