शिवपुरी। जिले के कोलारस जनपद के अंतर्गत आने वाले आंगनवाड़ी केंद्र में नियुक्त कार्यकर्ता का बड़ा फर्जीवाड़ा सामने आया है। संबंधित महिला ने अनुभव प्रमाण पत्र में हेराफेरी कर आंगनवाड़ी कार्यकर्ता की नौकरी हासिल कर ली थी और पिछले 17 वर्षों से सेवा में बनी हुई थी। अब शिकायत और जांच के बाद विभाग ने उसकी सेवाएं समाप्त कर दी हैं।

जानकारी के अनुसार, 2007 में नियुक्त हुई महिला ने चयन के समय अनुभव प्रमाण पत्र प्रस्तुत किया था, जिसमें गड़बड़ी पाई गई। वर्ष 2019 में इस संबंध में शिकायत हुई थी, जिस पर उच्चाधिकारियों ने जांच बैठाई। जांच पूरी होने पर 20 अगस्त 2025 को आदेश जारी कर उसकी सेवा समाप्त कर दी गई।

इस अवधि में महिला ने नियमित रूप से वेतन और मानदेय प्राप्त किया। विभागीय सूत्रों के मुताबिक, फर्जी प्रमाण पत्र के आधार पर नौकरी हासिल करना नियमों का गंभीर उल्लंघन है। इसके चलते पात्र और योग्य उम्मीदवारों का हक मारा गया।

ग्रामीणों का कहना है कि अगर यह मामला समय रहते सामने आता तो योग्य उम्मीदवारों को अवसर मिल पाता। उन्होंने विभागीय लापरवाही पर सवाल उठाए हैं और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।

जिला कार्यक्रम अधिकारी ने स्पष्ट किया कि अब सभी नियुक्तियों और अभिलेखों की गहन जांच की जाएगी, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाएं दोबारा न हों।